ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के तरनतारन में एक ASI ने अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारकर अपनी जीवन लीला खत्म कर ली है। मृतक पुलिस कर्मी की पहचान अमरजीत सिंह के रूप में हुई है और वह अमृतसर का रहने वाला था। वह पोस्टिंग तरनतारन के पट्टी के गांव कैरों पुलिस चौकी में इंचार्ज थे।
ट्रांसफर न होने की वजह से था परेशान
जानकारी के मुताबिक ASI अमरजीत सिंह वीरवार रात को ड्यूटी करके अपने रूम में लौटे थे। जहां उन्होंने अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली। कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी तो साथी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो ASI अमरजीत सिंह खून से लथपथ पड़े थे और उनके पास सर्विस पिस्टल पड़ी थी।
सुसाइड की वजह साफ नहीं- पुलिस
फिलहाल पुलिस के अनुसार, आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। हालांकि दावा किया जा रहा है कि स्टाफ की कमी और कार्यभार को लेकर ASI अमरजीत सिंह कई बार अपना ट्रांसफर करवाने की मांग अधिकारियों से कर चुके थे। पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।