ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज मोहाली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे अपने कथित वीडियो को सिरे से खारिज कर दिया। सीएम मान ने इसे अपने खिलाफ एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति वह नहीं हैं, बल्कि उनके चेहरे का मास्क पहनकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई है।
तकनीकी खामियों का किया खुलासा
मुख्यमंत्री ने वीडियो की सच्चाई पर सवाल उठाते हुए कई तकनीकी विसंगतियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि वीडियो बनाने वाले लोग एक बड़ी चूक कर गए, क्योंकि वे उनके गले पर मौजूद निशान को दिखाना भूल गए। उन्होंने यह भी बताया कि वीडियो में दिखने वाला व्यक्ति उनसे कद में लगभग 2 इंच लंबा है। साथ ही, आंखों के आसपास की पहचान छिपाने के लिए उस व्यक्ति ने ऐनक का इस्तेमाल किया है, क्योंकि मास्क आंखों को पूरी तरह नहीं ढकता।
विकास कार्यों से घबराया विपक्ष
सीएम मान ने आरोप लगाया कि राजनीतिक स्तर पर उनकी सरकार का मुकाबला करने में विफल रहने के बाद विपक्षी दल अब उन्हें व्यक्तिगत और धार्मिक तौर पर बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि हमने पंजाब के लोगों के लिए सामाजिक, आर्थिक और धार्मिक स्तर पर जो काम किए हैं, वे अभूतपूर्व हैं। उन्होंने बेअदबी कानून बनाने, पालकी साहिब की गाड़ी का टैक्स माफ करने और शहरों को पवित्र दर्जा देने जैसे निर्णयों का विशेष उल्लेख किया।
SGPC और अकाल तख्त पर सवाल
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की भूमिका पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके खिलाफ बायकाट का बोर्ड लगाने वाले लोग सुखबीर बादल के प्रभाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने SGPC प्रधान पर निशाना साधते हुए कहा कि वे स्वयं को गुरु गोबिंद सिंह का नहीं, बल्कि सुखबीर बादल का सिपाही बताते हैं। श्री अकाल तख्त के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यदि उन्हें बुलाया जाएगा तो वे पेश होंगे, लेकिन साथ ही उन्होंने इस बात पर नाराजगी जताई कि 5 साहिबानों के लिए बनी रिकॉर्डिंग को लीक क्यों किया गया।
कनाडा कनेक्शन का किया दावा
सीएम मान ने इस साजिश के पीछे ‘कनाडा कनेक्शन’ का दावा करते हुए कहा कि यह वीडियो जगमन समरा नाम के व्यक्ति ने तैयार करवाया है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक क्लिप भी दिखाई, जिसमें कथित तौर पर जगमन समरा को मास्क के साथ देखा जा सकता है। सीएम ने स्पष्ट किया कि वे नवंबर 2016 के बाद से कभी कनाडा नहीं गए हैं। अंत में, मुख्यमंत्री ने दृढ़ता के साथ कहा कि वे इन साजिशों से नहीं डरते और वे जनता के बीच जाकर निरंतर विकास की बात करते रहेंगे।