पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। गुरुवार को लुधियाना और पठानकोट में बारिश दर्ज की गई, जबकि जालंधर समेत कई इलाकों में तेज हवाएं चलीं। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने 25 और 26 जून के लिए राज्य में बारिश, आंधी और गरज-चमक का यलो अलर्ट जारी किया है।
राज्य के औसत तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है और यह सामान्य स्तर के करीब पहुंच गया है। सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बिजली की मांग 15 हजार मेगावाट से अधिक बनी हुई है, जबकि थर्मल प्लांटों की तीन यूनिटें बंद हैं। मौसम विभाग के अनुसार जून के अंतिम सप्ताह तक मानसून पंजाब में प्रवेश कर सकता है।
15 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और मोहाली सहित 12 जिलों में आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा 15 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर हरियाणा के ऊपर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से पंजाब के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला रह सकता है। इस दौरान गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि 26 जून और 29 जून तक राज्य के कई इलाकों में बारिश के आसार हैं। साथ ही अगले तीन दिनों में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।