प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित मंत्रिमंडल फेरबदल में पंजाब को बड़ा प्रतिनिधित्व मिलने की चर्चा है। राज्य में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं, हालांकि इनके समय से पहले होने की भी अटकलें लगाई जा रही हैं। ऐसे में बीजेपी मिशन पंजाब को ध्यान में रखते हुए राज्य को कैबिनेट में अधिक जगह दे सकती है।
फिलहाल केंद्र सरकार में पंजाब से केवल रवनीत सिंह बिट्टू केंद्रीय राज्य मंत्री हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस बार उनकी जगह किसी नए चेहरे को मौका दिया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार, पंजाब से दो से तीन नेताओं को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार में आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए नेताओं को भी जिम्मेदारी मिल सकती है। इस कड़ी में पूर्व सांसद राघव चड्ढा और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक व राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के नामों की चर्चा हो रही है।सूत्रों के मुताबिक, दोनों नेताओं में से किसी एक को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। हालांकि, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है और अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व ही करेगा।