ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर कैंट में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुरप्रीत उर्फ नोनी उर्फ लाली 22 जून को घर से कंटिंग करवाने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की और कोई सुराग न मिलने पर 23 जून को थाना कैंट में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई।
दोस्त पर शक, पूछताछ में खुला हत्या का राज
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि गुरप्रीत आखिरी बार अपने दोस्त रवि के साथ देखा गया था। जांच में यह भी पता चला कि वह डंपिंग साइट पर रवि से मिलने गया था, जिसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने लुधियाना निवासी रवि को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली।
डंप के नीचे छिपाया गया था शव
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने डंपिंग साइट से गुरप्रीत का शव बरामद किया। जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद शव को डंप के नीचे दबाकर छिपा दिया गया था। वहीं गुरप्रीत की मोटरसाइकिल कुकड़ गांव के पास नहर क्षेत्र से बरामद की गई। पुलिस अब हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है।
कई लोगों के शामिल होने के आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि रवि अकेले इस वारदात को अंजाम नहीं दे सकता और उसके साथ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। परिवार ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई है।
पुलिस कर रही मामले की गहन जांच
डीएसपी ने बताया कि पहले गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया था, जिसे बाद में अपहरण में बदल दिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह और यदि अन्य लोग भी इसमें शामिल हैं तो उनकी भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।