ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के बटाला में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। शुक्रवार देर रात पुलिस और एक वांटेड शूटर के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी को पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में कड़ी सुरक्षा के बीच सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यह कार्रवाई पुलिस की ओर से शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और गैंगस्टर नेटवर्क को तोड़ने के लिए की जा रही विशेष मुहिम का हिस्सा है।
कपड़ा व्यापारी पर फायरिंग के बाद तेज हुई कार्रवाई
यह पूरा मामला शहर के एक नामी कपड़ा व्यापारी वरिंदर सिंह के घर पर हुए हमले से जुड़ा है। रविवार देर रात कादियां रोड स्थित न्यू टॉप सिटी कॉलोनी में बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने व्यापारी की कोठी पर अंधाधुंध छह राउंड फायरिंग की थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी।
गोलियां घर के गेट और आंगन की दीवारों में धंसी मिलीं। व्यापारी ने बताया कि उन्हें गैंगस्टर अमन आंडा के नाम से लगातार 10 लाख रुपये की रंगदारी देने के लिए फोन और वॉइस मैसेज मिल रहे थे, और पैसे न देने पर उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं।
SIT का गठन और जांच की सफलता
इस घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारियों की निगरानी में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था। जांच के दौरान तकनीकी और खुफिया इनपुट के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। इसी कड़ी में 24 जून की रात को मुठभेड़ के बाद बलदेव सिंह को गिरफ्तार किया गया था और अब शुक्रवार की मुठभेड़ में रवि नामक आरोपी को पकड़ा गया है। पुलिस ने इस मामले में अब तक कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस टीम मामले से जुड़े अन्य संभावित सुरागों पर काम कर रही है।