ख़बरिस्तान नेटवर्क : हिमाचल के शिमला जिले के रामपुर उपमंडल से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां शुक्रवार दोपहर बाद एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में मां-बेटे समेत गाड़ी में सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुँचा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
हादसे का लाइव वीडियो और अंतिम पल
इस हादसे का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो गाड़ी में सवार आनी के दिगेढ़ स्कूल की हिंदी अध्यापिका आशा ने बनाया था।
वीडियो में आशा अपने 11 वर्षीय बेटे उगल के साथ खुशी-खुशी सफर करती हुई दिखाई दे रही हैं। वीडियो में आशा कहती हैं, “सामने देखो मेरा ननिहाल…”, लेकिन इसके महज दो सेकंड बाद ही गाड़ी का संतुलन बिगड़ता है और वह खाई में गिर जाती है। वीडियो में सुनाई देने वाली चीखें इस हादसे की भयावहता को बयां कर रही हैं।
राहत और बचाव कार्य
यह दुर्घटना रामपुर के काशापाट क्षेत्र में दोपहर करीब 4 बजे पेश आई। जानकारी के अनुसार, पीड़ित लोग दत्तनगर में दूध बेचकर अपने घर वापस लौट रहे थे। गाड़ी सड़क से करीब 300 फुट नीचे गहरी खाई में गिरी।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन खाई की गहराई और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण किसी को भी जीवित नहीं बचाया जा सका।
बचाव दलों ने कड़ी मशक्कत के बाद शाम 7 बजे तक सभी शवों को खाई से बाहर निकाला। फिलहाल, सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए तकलेच अस्पताल भेज दिया गया है और पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।