ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर पुलिस ने फिरौती की मांग को लेकर गोली चलाकर दहशत फैलाने वाले गिरोह के खिलाफ अपना शिकंजा और कस लिया है। पुलिस ने इस मामले में इस्तेमाल किए गए मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रिशव के रूप में हुई है, जिसने अपराधियों के लिए फर्जी नंबर प्लेट तैयार की थी।
पूछताछ के बाद पुलिस ने किया अरेस्ट
जांच के दौरान पुलिस ने पहले से गिरफ्तार आरोपी गुरलाल सिंह से सख्ती से पूछताछ की, जिसकी निशानदेही पर वह मोटरसाइकिल बरामद किया गया था जिसका इस्तेमाल अपराध में हुआ था। पूछताछ में पता चला कि अपराध को अंजाम देने के लिए मोटरसाइकिल की असली पहचान छिपाने के उद्देश्य से रिशव से फर्जी नंबर प्लेट बनवाई गई थी। पुलिस ने 25 जून को रिशव को दबोच लिया। इस गिरफ्तारी ने गिरोह के काम करने के तरीके और उनकी साजिशों की परतें खोल दी हैं।
दुकानदारों के लिए चेतावनी
इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए शहर के सभी नंबर प्लेट बनाने वाले दुकानदारों को सख्त चेतावनी जारी की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना उचित दस्तावेजों की जांच-पड़ताल किए किसी भी वाहन की नंबर प्लेट बनाना एक गंभीर अपराध है।
नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ अब सीधी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, इस मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें अलग-अलग स्थानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया जाएगा।