पंजाब के जालंधर -जम्मू नेशनल हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। होशियारपुर जिले की तहसील दसूहा के उच्ची बस्सी इलाके में एक डबल डेकर टूरिस्ट बस की लकड़ी से लदे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी दोनों टांगें टूट गईं, जबकि चार अन्य यात्री भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
सड़क सुरक्षा अधिकारी जसविंदर सिंह ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बस चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। उसे निकालने के लिए बस की बॉडी को कटर से काटना पड़ा और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला जा सका। घायल चालक की पहचान जम्मू निवासी इमरान शरीफ के रूप में हुई है, जिसे इलाज के लिए दसूहा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
करीब 46 यात्री थे बस में सवार
हादसे में घायल चार अन्य यात्रियों को भी दसूहा अस्पताल में दाखिल कराया गया है। बस कंडक्टर आसिफ के अनुसार, बस दिल्ली से जम्मू जा रही थी और उसमें करीब 46 यात्री सवार थे। सभी यात्री सुरक्षित हैं, केवल केबिन के पास बैठे लोगों को चोटें आई हैं। उन्होंने दावा किया कि हादसा रॉन्ग साइड से आए ट्रक की वजह से हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ, जब अधिकतर यात्री सो रहे थे। टक्कर के बाद बस के आगे के पहिए निकलकर दूर जा गिरे और आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस पुल पर चढ़ गई। ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
घटना स्थल के पास स्थित आर्मी कैंप के जवान और स्थानीय लोग धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में मदद की। सड़क सुरक्षा टीम और पुलिस ने फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।