पंजाब के तरनतारन जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहा उस्मा गांव स्थित एक लॉ कॉलेज में एक युवक ने क्लासरूम के अंदर छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
पिस्टल को दोबारा लोड कर अपने सिर में गोली मारी
फुटेज में देखा जा सकता है कि क्लास शुरू होने से पहले छात्रा बेंच पर बैठी थी। तभी युवक वहां पहुंचता है, छात्रा पर गोली चलाता है और फिर पिस्टल को दोबारा लोड कर अपने सिर में गोली मार लेता है। दोनों की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। छात्रा की तुरंत मौत हो गई, जबकि युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया।
20 साल की थी मृतका
मृत छात्रा की पहचान संदीप कौर (20) के रूप में हुई है, जबकि युवक का नाम प्रिंसराज सिंह बताया जा रहा है, जो नौशहरा पन्नुआं का रहने वाला था। दोनों ही उसी लॉ कॉलेज के छात्र थे। घटना के बाद पुलिस ने पूरे कॉलेज परिसर को सील कर दिया है और अंदर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की पुष्टि हो सके।
जांच में जुटी पुलिस
जानकारी के अनुसार छात्रा के पिता का पहले ही निधन हो चुका है और परिवार में छह बहनें व एक छोटा भाई है।इस मामले में ACP ने बताया कि क्लास शुरू होने से पहले छात्रा बेंच पर बैठी थी, तभी यह वारदात हुई। पुलिस यह जांच कर रही है कि युवक पिस्टल कहां से लाया। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं उसके पिता के पास लाइसेंसी हथियार तो नहीं था। यदि ऐसा नहीं पाया गया, तो हथियार के अवैध होने की भी जांच की जाएगी।