ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में दिनदहाड़े स्नैचिंग की घटना सामने आई है, जहां एक एक्टिवा सवार युवक ने चालाकी से राहगीर का मोबाइल छीनने की कोशिश की, लेकिन खुद ही लोगों के हत्थे चढ़ गया, जिसके बाद लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की। घटना शहर के नाला पुल के पास शेर सिंह कॉलोनी की है।
बात करने के बहाने रचा पूरा प्लान
पीड़ित दिलीप ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं यहां पर मिस्त्री का काम करते हैं। जब वह खाना खाने जा रहा था, तभी एक युवक उसके पास आया और कहा कि उसके फोन का रिचार्ज खत्म हो गया है, इसलिए वह जरूरी कॉल करने के लिए उसका फोन इस्तेमाल करना चाहता है।
फोन लेकर भागने लगा आरोपी
दिलीप ने बताया कि युवक सफेद रंग की एक्टिवा पर बैठा था। उसने फोन लिया और बात करने का बहाना बनाकर अचानक एक्टिवा स्टार्ट कर फरार होने लगा। शक होने पर दिलीप ने एक्टिवा पकड़ ली, जिसके बाद आरोपी उसे कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया।
संतुलन बिगड़ा, स्नेचर पकड़ाया
कुछ दूर जाने के बाद एक्टिवा का संतुलन बिगड़ गया और आरोपी गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। लोगों ने पीड़ित का फोन वापस दिला दिया, लेकिन इसी दौरान मौका पाकर आरोपी वहां से फरार हो गया। इस घटना में दिलीप घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
इलाके में लगातार हो रही है स्नैचिंग
घटनस्थाल पर मौजूद लोगों के मुताबिक आरोपी काफी दूर तक पीड़ित को घसीटता रहा। लोगों का कहना है कि शेर सिंह कॉलोनी में इस तरह की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं।