देश में बढ़ते वैश्विक संकट और पड़ोसी देशों में जारी युद्ध के असर के बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi ने देशवासियों से बड़ी अपील की है। हैदराबाद में भाजपा की रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मौजूदा समय में पेट्रोल, डीजल और गैस का इस्तेमाल कम करना बेहद जरूरी हो गया है।
उन्होंने कहा कि भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात करता है और युद्ध की वजह से दुनियाभर में कच्चे तेल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में देश को आर्थिक दबाव से बचाने के लिए लोगों को ईंधन बचाने की दिशा में कदम उठाने होंगे।
प्रधानमंत्री ने लोगों से वर्क फ्रॉम होम अपनाने, मेट्रो में सफर करने और कारपूलिंग बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन शहरों में मेट्रो सुविधा उपलब्ध है, वहां निजी वाहनों की बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग किया जाना चाहिए।
PM मोदी ने देशवासियों से अगले एक साल तक सोना न खरीदने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि भारत में हर साल सोने के आयात पर लाखों करोड़ रुपए की विदेशी मुद्रा खर्च होती है। अगर लोग कुछ समय तक सोने की खरीदारी कम करें, तो इससे देश की अर्थव्यवस्था को राहत मिलेगी।
उन्होंने खाने वाले तेल की खपत कम करने, प्राकृतिक खेती अपनाने और विदेश यात्राएं टालने की भी सलाह दी। प्रधानमंत्री के मुताबिक मौजूदा वैश्विक हालात को देखते हुए हर नागरिक को “राष्ट्रहित” में योगदान देना चाहिए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत में हर साल सोने के आयात पर करीब 6 लाख करोड़ रुपए खर्च हो रहे हैं, जबकि विदेश यात्राओं पर भारतीयों का खर्च 3 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा पहुंच चुका है। वहीं देश को कच्चे तेल और फर्टिलाइजर आयात पर भी भारी रकम खर्च करनी पड़ रही है।विशेषज्ञों का मानना है कि अगर वैश्विक तनाव और युद्ध की स्थिति लंबी चली, तो आने वाले समय में महंगाई और आयात खर्च दोनों बढ़ सकते हैं।