ख़बरिस्तान नेटवर्क : अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। अधिवक्ता अनूप अवस्थी ने सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दाखिल कर मामले की CBI से जांच कराने की मांग की है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार करते हुए कहा कि इसमें इतनी जल्दबाजी की क्या जरूरत है। अदालत ने स्पष्ट किया कि न्यायालय की छुट्टियां समाप्त होने के बाद मामले पर सुनवाई की जाएगी।
आरोपियों के बैंक खातों की जांच में जुटी पुलिस
उधर, मामले की जांच कर रही पुलिस ने सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे जेल में बंद आठों आरोपियों के बैंक खातों की पड़ताल शुरू की। पुलिस टीम ने अयोध्या स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) समेत अन्य बैंक शाखाओं में पहुंचकर खातों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। करीब आधे घंटे तक जांच करने के बाद टीम वापस लौट गई। सूत्रों के मुताबिक जांच के दायरे में राम मंदिर ट्रस्ट के लॉकर को भी शामिल किया जा सकता है।
आज कोर्ट में होगी आरोपियों की पेशी
चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। उनकी पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होने की संभावना है। इस दौरान पुलिस आरोपियों की रिमांड मांग सकती है, ताकि उनसे गहन पूछताछ कर यह पता लगाया जा सके कि कथित चोरी कब से और किस तरीके से की जा रही थी।
छापेमारी में मिले दस्तावेज और डायरी
रविवार को पुलिस की आठ टीमों ने एक साथ आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान चंपत राय के करीबी बताए जा रहे रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के घर से निवेश और संपत्ति खरीद से जुड़े दस्तावेज, आभूषण तथा नकदी बरामद की गई। वहीं आरोपी अनुकल्प मिश्रा के घर से एक डायरी भी मिली है। पुलिस को उम्मीद है कि इस डायरी से मामले से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं और जांच को नई दिशा मिल सकती है।