पंजाब सरकार ने फतेहगढ़ साहिब जिले की खमाणो तहसील में तैनात तहसीलदार रमणदीप कौर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई प्रशासनिक कारणों के आधार पर की गई है। निलंबन के आदेश पंजाब सरकार के राजस्व, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी किए गए हैं, जिन पर विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग वर्मा ने हस्ताक्षर किए हैं।

जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि रमणदीप कौर को तुरंत प्रभाव से सेवा से निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि के दौरान उनकी तैनाती रूपनगर के डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में की गई है।
मिल रही थीं लगातार शिकायतें
सूत्रों के मुताबिक, तहसीलदार रमणदीप कौर के खिलाफ लंबे समय से सरकार को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उनके कामकाज और प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे थे। खास तौर पर खमाणो तहसील में संपत्ति की रजिस्ट्रियों को लेकर लोगों में काफी असंतोष था और कई मामलों में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई थीं।
पंजाब सरकार ने सख्त कदम उठाया
इन्हीं शिकायतों और रजिस्ट्रियों में कथित गड़बड़ियों को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार ने यह सख्त कदम उठाया है। मामले को लेकर आगे विभागीय जांच की संभावना भी जताई जा रही है।