जालंधर के थाना-5 क्षेत्र स्थित चौहान कॉलोनी में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मृतक की पहचान 28 वर्षीय सोनू के रूप में हुई है, जो शादीशुदा था और एक बच्चे का पिता था।
एसीपी आतिश भाटिया ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे बस्ती शेख इलाके में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया और मामले की जांच शुरू की।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पता चला कि मनदीप सिंह अपनी पत्नी के साथ रेहड़ी पर शव लेकर आया और उसे घटनास्थल पर फेंककर फरार हो गया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतक बचपन से एक-दूसरे को जानते थे। आरोपी मनदीप सिंह पहले भी कई आपराधिक मामलों में नामजद रह चुका है। वह भगोड़ा भी घोषित हो चुका था और करीब दो साल जेल की सजा भी काट चुका है।
वहीं, मृतक की मां ने हत्या की आशंका जताते हुए बताया कि उनका बेटा सोमवार को काम पर गया था, लेकिन रात तक घर नहीं लौटा। मंगलवार सुबह पुलिस का फोन आने पर वह मौके पर पहुंचीं, जहां बेटे का शव देखकर उनके होश उड़ गए।
मृतक की मां ने तेजमोहन नगर की गली नंबर-6 निवासी बिट्टे पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपी पहले भी उनके बेटे के साथ कई बार मारपीट कर चुका था और उसका मोबाइल फोन भी छीन चुका था। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है।फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।