जालंधर के थाना-5 क्षेत्र स्थित चौहान कॉलोनी में 28 वर्षीय सोनू की हत्या के मामले में पुलिस ने एक दंपति को गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा उस समय हुआ जब आरोपी दंपति का शव को जुगाड़ू रेहड़ी पर ले जाते हुए सीसीटीवी फुटेज सामने आया। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया।
मृतक सोनू शादीशुदा था और एक बच्चे का पिता था। घटना के बाद से ही परिजनों का आरोप था कि जिस व्यक्ति ने शव को घटनास्थल तक पहुंचाया, उसी ने हत्या की है। पुलिस जांच में सामने आई सीसीटीवी फुटेज ने भी इस मामले को नई दिशा दे दी।
गिरफ्तारी के बाद जब आरोपियों को थाने लाया गया तो पीड़ित परिवार का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपी को देखते ही परिजन भड़क गए और थाने के अंदर ही उसे चप्पलों से मारने के लिए दौड़ पड़े। पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला और कार्रवाई का भरोसा देकर परिवार को शांत कराया। कुछ देर के लिए थाने में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामले की जानकारी देते हुए एसीपी आतिश भाटिया ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे बस्ती शेख इलाके में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि मनदीप सिंह अपनी पत्नी के साथ रेहड़ी पर शव लेकर आया और उसे घटनास्थल पर फेंककर फरार हो गया।
एसीपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी मनदीप सिंह पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। वह भगोड़ा घोषित हो चुका था और करीब दो साल जेल की सजा भी काट चुका है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।