बठिंडा में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर पूर्व पार्षद विज कुमार शर्मा ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने डाकू का वेश धारण कर सड़क से गुजर रहे एक व्यक्ति से प्रतीकात्मक रूप से सिलेंडर छीन लिया।
शर्मा ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसियां लोगों को समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं करा रहीं और कालाबाजारी हो रही है। उन्होंने कहा कि आम लोगों की परेशानी को उजागर करने के लिए उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें खुद गैस सिलेंडर लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। इसी के बाद उन्होंने प्रतीकात्मक विरोध करने का फैसला लिया।
पूर्व पार्षद ने कहा कि नरेंद्र मोदी के एक वीडियो में लॉकडाउन जैसी स्थिति की आशंका जताई गई है, ऐसे में सिलेंडर की कमी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन सकती है।
वहीं, शर्मा ने प्रशासन और उपायुक्त (DC) के उन दावों पर भी सवाल उठाए, जिनमें कहा गया था कि जिले में सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। उनका कहना है कि जमीनी हकीकत इससे अलग है। उन्होंने पंजाब सरकार से मांग की है कि कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष टीमें बनाई जाएं, ताकि आम लोगों को समय पर गैस सिलेंडर मिल सकें।