पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम का मिजाज अभी भी बिगड़ा हुआ है। 31 मार्च को भी राज्य में तेज हवाएं, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने पूरे क्षेत्र के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इसकी वजह पहले से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ को माना जा रहा है।मौसम विभाग के अनुसार, आज कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। खासतौर पर पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, तरनतारन, अमृतसर, कपूरथला और जालंधर में आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।
बारिश की बात करें तो राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में कुछ जगहों पर अच्छी बारिश हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में छिटपुट बूंदाबांदी होने की संभावना है।
बीते 24 घंटों में तापमान में 1.6 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। सबसे अधिक तापमान 33 डिग्री फरीदकोट में रिकॉर्ड किया गया।
हालांकि, बीते दिन ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहा, लेकिन कुछ जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। पठानकोट में 5.5 मिमी और फिरोजपुर में 1.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते यह स्थिति बनी हुई है। साथ ही, पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है, जिससे मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 31 मार्च, 1 अप्रैल और 3 अप्रैल को भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। आने वाले दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिसके बाद फिर गिरावट देखने को मिल सकती है।