हर महीने की पहली तारीख की तरह इस बार भी 1 जुलाई 2026 से कई नए नियम लागू होने जा रहे हैं। इन बदलावों का असर आधार, गैस, पासपोर्ट, रेलवे, EPFO और क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वाले लोगों पर पड़ सकता है। ऐसे में पहले से जानकारी होना आपके लिए फायदेमंद रहेगा।
आधार में ईमेल अपडेट होगा मुफ्त
1 जुलाई से 31 दिसंबर 2026 तक आधार कार्ड में रजिस्टर्ड ईमेल आईडी को नए Aadhaar App के जरिए मुफ्त में अपडेट कराया जा सकेगा। अभी इसके लिए 75 रुपये शुल्क देना पड़ता है। वहीं, 30 जून के बाद mAadhaar ऐप बंद हो जाएगा और आधार से जुड़े सभी काम नए Aadhaar App पर होंगे।
LPG और PNG से जुड़े नियम
PNG और LPG कनेक्शन से जुड़े नियमों में बदलाव लागू हो सकते हैं। हालांकि गैस सप्लाई बंद करने को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। हर महीने की तरह 1 जुलाई को घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों की भी समीक्षा होगी।
पासपोर्ट बनवाना होगा महंगा
1 जुलाई से पासपोर्ट फीस बढ़ जाएगी। 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस 1,500 रुपये से बढ़कर 2,500 रुपये और तत्काल पासपोर्ट की फीस 3,500 रुपये से बढ़कर 5,000 रुपये हो जाएगी।
रेलवे के नियम हो सकते हैं सख्त
बिना टिकट यात्रा करने वालों पर ज्यादा जुर्माना लगाया जा सकता है। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी नए नियम लागू किए जा सकते हैं।
EPFO 3.0 की नई सुविधा
EPFO 3.0 लागू होने के बाद कर्मचारियों को PF का पैसा निकालना आसान हो सकता है। नई व्यवस्था में UPI और ATM के जरिए भी PF निकालने की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
क्रेडिट कार्ड के नियम बदलेंगे
1 जुलाई से SBI Card के कुछ चुनिंदा PhonePe SBI क्रेडिट कार्ड पर रिवॉर्ड पॉइंट्स में बदलाव हो सकता है। वहीं, HDFC Bank के कुछ कार्डधारकों को फ्री डोमेस्टिक एयरपोर्ट लाउंज की सुविधा के लिए एक तिमाही में कम से कम 60,000 रुपये खर्च करना होगा।
अगर आपका आधार अपडेट कराना है, पासपोर्ट बनवाना है, गैस कनेक्शन से जुड़ा कोई काम है या आप क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करते हैं, तो 1 जुलाई से लागू होने वाले नए नियमों की जानकारी पहले ही जरूर ले लें।