ख़बरिस्तान नेटवर्क : राजस्थान के दौसा जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य घायल हो गए। हादसा कोलवा थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में भीषण आग लग गई, जिससे कई यात्री उसकी चपेट में आ गए।
6 की जलकर और 2 की सिर में चोट लगने से मौत
पुलिस के अनुसार हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें 6 यात्रियों की मौत आग में झुलसने से हुई, जबकि 2 लोगों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया। बस में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के करीब 40 यात्री सवार थे। हादसे में घायल 21 लोगों का इलाज अस्पताल में जारी है।
7 शवों की पहचान के लिए होगा DNA टेस्ट
हादसे में कई शव बुरी तरह झुलस गए हैं। पुलिस ने बताया कि 7 मृतकों की पहचान डीएनए टेस्ट के जरिए की जाएगी। पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। साथ ही बस में आग लगने के वास्तविक कारणों की भी जांच की जा रही है।
इमरजेंसी गेट नहीं खुलने का दावा
स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि बस के स्टोरेज बॉक्स में सिगरेट भरी हुई थी, जिसकी भी जांच की जा रही है। वहीं, दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद बस का इमरजेंसी गेट नहीं खुला, जिसके कारण कई यात्री समय रहते बाहर नहीं निकल सके। हादसे के तुरंत बाद बस आग की लपटों में घिर गई और करीब एक घंटे तक घायलों को राहत नहीं मिल सकी।