ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में बठिंडा-बीकानेर नेशनल हाईवे पर सुबह-सुबह टेंपो ट्रैवलर सड़क किनारे खड़े एक ट्राले से टकरा गया। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 8 लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए हैं। जिन्हें बठिंडा के एम्स अस्पताल में ईलाज के लिए भर्ती करवाया गया है।
श्री अमरनाथ की यात्रा पर जा रहे थे
जानकारी के मुताबिक टेंपो ट्रैवलर में सवार होकर 12 श्रद्धालु श्री अमरनाथ यात्रा पर जा रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 7 बजे बठिंडा के डाबा जोर गांव के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्राले से टेंपो ट्रैवलर की टक्कर हो गई। जिसमें टेंपो ट्रैवलर पीछे से घुस गया और उसके परखच्चे उड़ गए।
4 फीट तक पिचक गया था टेंपों
घटना के दौरान मौजूद लोगों का कहना था कि टेंपो ट्रैवलर करीब 3 से 4 फीट तक पिचक गया। उसके अंदर बैठे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। हादसे में करीब 4 लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि 8 लोग गंभीर घायल हैं। जिसके बाद सभी घायलों के तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है।