इंडोनेशिया में आज सुबह एक बार फिर तेज भूकंप के झटकों से धरती कांप उठी। देश के पूर्वी हिस्से में टेर्नेट शहर के पास आए इस भूकंप की तीव्रता 7.4 मापी गई है। झटके महसूस होते ही लोग घबराकर अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार भूकंप का केंद्र मोलुक्का सागर में करीब 35 किलोमीटर गहराई में था। भूकंप के बाद प्रशासन ने सुनामी का अलर्ट जारी कर दिया है और समुद्र तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भूकंप के बाद उठी सुनामी लहरों से उत्तरी सुलावेसी के मिनाहासा जिले में 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है। कई घरों और इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है।
आपदा प्रबंधन एजेंसी ने लोगों से अपील की है कि वे स्थिति सामान्य होने तक समुद्र तटों और तटीय क्षेत्रों से दूर रहें। मुख्य भूकंप के बाद दो और झटके भी महसूस किए गए।
पहले भी कई बार आ चुके भूकंप
गौरतलब है कि इंडोनेशिया भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है, जहां अक्सर भूकंप और ज्वालामुखी गतिविधियां होती रहती हैं। इससे पहले 2022 में पश्चिम जावा के सियानजुर में आए भूकंप में 600 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी, जबकि 2018 में सुलावेसी में आए भूकंप और सुनामी में 4,300 से अधिक लोगों की जान गई थी। 2004 की विनाशकारी सुनामी में भी लाखों लोगों की मौत हुई थी।