ख़बरिस्तान नेटवर्क : हरियाणा के फरीदाबाद के सिरोही गांव में एक युवक को कथित तौर पर स्कॉर्पियो से कुचलने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पूरी वारदात का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस को सूचना देने के शक में बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, यमुनानगर क्राइम ब्रांच की दबिश के बाद वांछित आरोपी परवेज मौके से फरार हो गया था। आरोप है कि उसे शक था कि नफीस नामक युवक ने पुलिस को उसकी सूचना दी थी। इसी रंजिश में परवेज ने नफीस पर अपनी काली स्कॉर्पियो चढ़ाने की कोशिश की।
जान बचाने के लिए भागता रहा युवक, पीछे दौड़ती रही स्कॉर्पियो
चश्मदीदों के मुताबिक नफीस अपनी जान बचाने के लिए भागता रहा, जबकि आरोपी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से उसका पीछा करता रहा। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी बार-बार वाहन से युवक को टक्कर मारने की कोशिश करता है। इस दौरान स्कॉर्पियो एक दीवार से टकरा गई, जिसके बाद आरोपी अपने एक साथी के साथ मौके से फरार हो गया।
कई लोग घायल, वायरल वीडियो बना अहम सबूत
घटना के दौरान कई अन्य लोग भी घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस ने वायरल वीडियो को अहम साक्ष्य मानते हुए जांच शुरू कर दी है। घायलों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी परवेज पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।