ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना के टिब्बा रोड पर स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे मोटरसाइकिल सवार बदमाशों में से एक को स्थानीय लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने आरोपी को सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से रस्सी से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी। आधी रात को हुई इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
तलाशी में जेब से मिली खिलौना पिस्तौल
घटना के दौरान लोगों ने जब आरोपी की तलाशी ली तो उसकी जेब से एक खिलौना पिस्तौल बरामद हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी और उसके साथी कथित तौर पर इसी नकली पिस्तौल का डर दिखाकर राहगीरों को धमकाते थे और उनसे मोबाइल फोन व नकदी छीन लेते थे। लोग इसे असली हथियार समझकर घबरा जाते थे।
मोबाइल छीनकर भाग रहे थे आरोपी
चश्मदीदों के मुताबिक, बुधवार रात करीब 11:30 बजे एक व्यक्ति टिब्बा रोड पर पैदल जा रहा था। तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार 3 से 4 युवकों ने उसे घेर लिया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। पीड़ित ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और आरोपियों का पीछा किया।
एक आरोपी पकड़ा गया, बाकी साथी फरार
स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसके दो से तीन साथी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।