जालंधर से संत निर्मल दास जी जोड़े वाले और अन्य संतों के नेतृत्व में दमड़ी यात्रा के लिए एक विशेष ट्रेन दोपहर 3 बजे हरिद्वार के लिए रवाना हुई। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत और पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मोहिंदर भगत ने बताया कि जम्मू से बड़ी संख्या में संगत जालंधर पहुंचे थे, जो यहां से गुरु रविदास महाराज जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में हरिद्वार जा रही है। उन्होंने इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं भी दीं।
इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के हवाले से केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा गया कि बीते 14 वर्षों में केंद्र ने अपने वादे पूरे नहीं किए। मंत्री ने आरोप लगाया कि पिछले साल आई बाढ़ के दौरान पंजाब के किसानों को भारी नुकसान हुआ, लेकिन केंद्र सरकार द्वारा घोषित 1600 करोड़ रुपये की सहायता राशि अब तक जारी नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि अगर केंद्र ने फंड जारी किया है तो स्पष्ट किया जाए कि राशि किस खाते में ट्रांसफर की गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में सीएम भगवंत मान ने किसानों के साथ खड़े होकर मुआवजा दिया।
केंद्र सरकार पर सवाल उठाए
चंडीगढ़ में हुए ग्रेनेड हमले को लेकर भी मंत्री ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि सुरक्षा में चूक के बावजूद पंजाब को दोषी ठहराया जाता है, जबकि चंडीगढ़ को केंद्र शासित प्रदेश बताया जाता है।
राघव चड्ढा को लेकर बोले यह पार्टी का आंतरिक मामला है
वहीं, राघव चड्ढा को डिप्टी लीडर की पोस्ट से हटाए जाने के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि यह पार्टी का आंतरिक मामला है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन पार्टी में रहते हुए उसके खिलाफ बोलना उचित नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राघव चड्ढा का पार्टी छोड़ना उनका निजी निर्णय है, जिस पर वह कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।