ख़बरिस्तान नेटवर्क : कनाडा में पांच पंजाबी युवकों द्वारा एक कारोबारी से फिरौती मांगने के लिए उसके दोस्त का अपहरण किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को बंधक बनाकर कारोबारी के घर के बाहर ले जाकर उसे फोन करने और बाहर बुलाने का दबाव बनाया। जब युवक ने ऐसा करने से इनकार किया तो उसकी बेरहमी से पिटाई की गई।
कारोबारी दंपति पर बीच सड़क तानी बंदूक
घटना के दौरान कारोबारी अपनी पत्नी के साथ घर से बाहर निकला। इसी बीच आरोपियों ने उनका पीछा किया और बीच सड़क पर बंदूक तान दी। दंपति किसी तरह अपनी जान बचाकर वापस घर में घुस गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर कार्रवाई शुरू की। इसके बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरनवीर सिंह (24), दक्ष गौतम (25), आकाशदीप सिंह (18) और प्रदीप सिंह (24) के रूप में हुई है। सभी आरोपी कैलगरी में रह रहे थे।
मास्टरमाइंड अब भी फरार
पुलिस के मुताबिक इस गैंग का मुख्य आरोपी गगनदीप सिंह अभी फरार है। उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। 15 मई को पुलिस ने गगनदीप का वांटेड पोस्टर जारी किया। पुलिस ने बताया कि उसकी एक बाजू पर महिला और दूसरी बाजू पर ईगल का टैटू बना हुआ है।