केंद्र सरकार ने यूजरनेम फीचर को लेकर WhatsApp के बाद अब Telegram और Signal को भी नोटिस भेजा है। सरकार ने दोनों प्लेटफॉर्म से पूछा है कि यूजरनेम फीचर के जरिए होने वाली ऑनलाइन ठगी, फर्जी पहचान और साइबर अपराध रोकने के लिए उन्होंने क्या सुरक्षा उपाय किए हैं।
सरकार ने Telegram से यह भी पूछा है कि उसे यूजरनेम फीचर जारी रखने की अनुमति क्यों दी जानी चाहिए। सरकार का कहना है कि इस फीचर का गलत इस्तेमाल कर साइबर ठगी, फिशिंग और डिजिटल अरेस्ट जैसी घटनाएं बढ़ सकती हैं।
इससे पहले सरकार WhatsApp को भी नोटिस भेज चुकी है और फिलहाल यूजरनेम फीचर लागू नहीं करने का निर्देश दिया है।
Telegram और Signal पर यूजरनेम फीचर पहले से मौजूद है। सरकार ने दोनों कंपनियों से इसके दुरुपयोग को रोकने के लिए अपनाए गए सुरक्षा इंतजामों की जानकारी मांगी है।
बता दें कि WhatsApp ने 29 जून से यूजरनेम फीचर का रोलआउट शुरू किया है। यह सुविधा चरणबद्ध तरीके से दुनिया भर के यूजर्स तक पहुंचाई जाएगी। जब यह फीचर किसी यूजर के लिए उपलब्ध होगा, तो WhatsApp पर उसका नोटिफिकेशन मिलेगा।