जालंधर। Enforcement Directorate ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहाली स्थित GMADA के मुख्य प्रशासक संदीप कुमार को तलब किया है। उन्हें जरूरी रिकॉर्ड के साथ जालंधर स्थित ईडी कार्यालय में पेश होने के निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी ने रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं की पड़ताल शुरू की है। इस दौरान Suntec City और Aldus Estate Builders से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट्स भी जांच के दायरे में हैं।
जांच में मुख्य रूप से CLU (चेंज ऑफ लैंड यूज) की अनुमति प्रक्रिया पर सवाल उठे हैं। ईडी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि संबंधित प्रोजेक्ट्स को CLU मंजूरी किन आधारों पर दी गई और क्या सभी नियमों का पालन किया गया था या नहीं।
एजेंसी को संदेह है कि न्यू चंडीगढ़ मास्टर प्लान के तहत कुछ जमीनों के उपयोग में बदलाव कर निजी बिल्डरों को अनुचित लाभ पहुंचाया गया। इसी सिलसिले में इको सिटी-3 समेत मुल्लांपुर क्षेत्र की कई विकास परियोजनाओं की जमीन खरीद और दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि इसी जांच के तहत बीती 8 और 9 मई को मोहाली, खरड़, न्यू चंडीगढ़ और चंडीगढ़ में रियल एस्टेट कंपनियों के 12 ठिकानों पर छापेमारी भी की गई थी। इसके बाद ईडी ने संदीप कुमार को समन जारी किया था।