पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। हाल ही में हुई बारिश और बादलों के कारण अधिकतम तापमान में करीब 1.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य के आसपास पहुंच गया है। 2 अप्रैल को दिनभर मौसम ज्यादातर शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन शाम के बाद बदलाव देखने को मिल सकता है।
3-4 अप्रैल को आंधी-बारिश और ओलावृष्टि के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 3 और 4 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। इस दौरान कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। फिलहाल, सबसे अधिक तापमान लुधियाना में 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
आज अमृतसर, गुरदासपुर, होशियारपुर, कपूरथला, पटियाला और लुधियाना के कुछ स्थानों पर हल्की बौछारें पड़ सकती हैं, हालांकि पूरे राज्य में व्यापक बारिश की संभावना नहीं है। वहीं, 3 अप्रैल से बारिश की गतिविधियां लगभग पूरे पंजाब में सक्रिय हो जाएंगी।
1 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई थी, जिससे औसत वर्षा 3.9 मिमी दर्ज की गई, जो सामान्य से काफी अधिक है। संगरूर, बरनाला और बठिंडा में सबसे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि कुछ जिलों में मौसम शुष्क बना रहा।
मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वी ईरान के पास बना वेस्टर्न डिस्टर्बेंस धीरे-धीरे भारत की ओर बढ़ रहा है, जिससे आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत, खासकर पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम और ज्यादा सक्रिय हो सकता है। 7 अप्रैल से एक और नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आने की संभावना है, जिससे बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।
अगले कुछ दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा पहले 2 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी और उसके बाद 3 से 4 डिग्री तक गिरावट देखने को मिल सकती है। 5 से 7 अप्रैल के बीच भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।