पंजाब और चंडीगढ़ इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने 23 मई तक “सीवियर हीटवेव” यानी भीषण लू का अलर्ट जारी किया है। मंगलवार के मुकाबले पंजाब के तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक है।
मंगलवार को फरीदकोट पंजाब का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आज फिरोजपुर, मोगा, बरनाला, संगरूर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में गर्मी की स्थिति और गंभीर हो सकती है। बाकी जिलों में भी लू का असर जारी रहेगा।
मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगले एक हफ्ते तक पंजाब में बारिश की कोई संभावना नहीं है। आने वाले दिनों में पंजाब का तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि चंडीगढ़ में पारा 42 से 45 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का ऐलान
भीषण गर्मी को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। शहर के स्कूलों में 23 मई से 30 जून 2026 तक छुट्टियां रहेंगी। हालांकि 29 और 30 जून को शिक्षकों को स्कूल आना होगा।
गर्मी के बढ़ते असर
लगातार बढ़ रही गर्मी के कारण पंजाब में बिजली की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। मंगलवार दोपहर बिजली की डिमांड 12,244 मेगावाट तक पहुंच गई। राज्य को अपनी उत्पादन क्षमता से अधिक बिजली सेंट्रल पूल से खरीदनी पड़ी।
वहीं चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने 14 दिनों में दूसरी बार एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों को लू से बचने के उपाय बताए हैं। अस्पतालों में पहले ही गर्मी से जुड़ी बीमारियों के लिए विशेष स्टाफ तैनात किया जा चुका है।
अगले 3 दिन मौसम का हाल
21 मई को पंजाब के कई जिलों में हीटवेव और कुछ इलाकों में सीवियर हीटवेव की संभावना जताई गई है। वहीं 22 और 23 मई को लगभग पूरे पंजाब में भीषण लू चलने का अनुमान है।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर Surender Pal के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों तक तापमान लगातार बढ़ेगा और फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ समेत पूरे ट्राईसिटी इलाके में लू की स्थिति बनी रहेगी।