पंजाब में सुबह से ही मौसम ने करवट बदल ली है। सुबह से ही कई जिलों में बादल छाए हुए है और मोहाली, पठानकोट और बठिंडा के कुछ इलाकों में बारिश हुई है। वही मौसम विभाग के अनुसार आज और कल यानि शनिवार को बारिश, तेज हवाएं और ओले गिरने की संभावना है। इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
नया वेस्टर्न डिस्टर्बन्स सक्रिय होगा
इसके साथ ही 50 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और ओलावृष्टि व बारिश होगी। इससे तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की कमी दर्ज की जा सकती है। ओलावृष्टि के कारण किसानों के लिए चिंता बढ़ सकती हैं, क्योंकि गेहूं की फसलें खेतों में तैयार खड़ी हैं। मौसम विभाग के मुताबिक सात अप्रैल से पंजाब में फिर एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बन्स सक्रिय होने जा रहा है, जिसके असर से दो दिन 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और बारिश पड़ेगी।
तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा
मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक राज्य में 3, 4, 7 और 8 अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 5 और 6 अप्रैल को कुछ अलग-थलग स्थानों पर बारिश हो सकती है। इसके साथ ही अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद अगले 3 दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।