पंजाब के तरनतारन जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। अपनी पत्नी को मायके से ससुराल ले जाने पहुंचे युवक पर उसके साले ने कथित तौर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। बीच-बचाव करने आई भाभी भी आग की चपेट में आ गई। इस दर्दनाक घटना में जीजा और भाभी दोनों की मौत हो गई, जबकि आरोपी भी झुलस गया।
पुलिस के अनुसार, 13 जून को गांव संघा में अमृतसर के लोपोके निवासी लवप्रीत सिंह अपनी पत्नी संदीप कौर को वापस घर ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा था। इसी दौरान ससुराल पक्ष से कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि साले साजन सिंह ने पेट्रोल डालकर लाइटर से आग लगा दी।
घटना के बाद आग बुझाने के लिए लवप्रीत नाली में कूद गया, लेकिन पानी कम होने के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। बीच-बचाव करने आई गुरजीत कौर भी गंभीर रूप से झुलस गईं और अस्पताल में दोनों ने दम तोड़ दिया। आरोपी साजन सिंह भी आग की चपेट में आया, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसकी आग बुझा दी।
अब सामने आए करीब एक मिनट के सीसीटीवी फुटेज में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी, हाथापाई और फिर आरोपी द्वारा पेट्रोल छिड़ककर आग लगाते हुए पूरी वारदात कैद हुई है।पुलिस ने दोहरे हत्याकांड का मामला दर्ज कर आरोपी साजन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इलाज के बाद उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।