ख़बरिस्तान नेटवर्क : गुजरात के वडोदरा में रविवार रात इंडिगो की फ्लाइट 6E 657 में अचानक बिजली चली गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फ्लाइट दिल्ली के लिए रवाना होने वाली थी, तभी विमान की बिजली सप्लाई ठप हो गई। अंधेरा और भारी उमस के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
25 मिनट तक परेशान रहे यात्री
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 8:50 बजे इंडिगो की फ्लाइट वडोदरा से दिल्ली जाने की तैयारी में थी। इसी दौरान विमान का ग्राउंड पावर यूनिट (GPU) अचानक बंद हो गया, जिससे पूरी फ्लाइट की बिजली चली गई। करीब 25 मिनट बाद बिजली सप्लाई दोबारा बहाल की जा सकी।
कुछ यात्रियों की बिगड़ी तबीयत
फ्लाइट के अंदर गर्मी और घुटन बढ़ने से कुछ यात्रियों की तबीयत भी खराब होने लगी। इस दौरान एक यात्री ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
तकनीकी खराबी को बताया वजह
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक विमान के GPU यानी ग्राउंड पावर यूनिट में तकनीकी खराबी आने के कारण यह स्थिति बनी। अधिकारियों ने बाद में तकनीकी दिक्कत दूर कर बिजली सप्लाई बहाल कर दी।