ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना की 19 साल की छात्रा कोमलप्रीत कौर की ऑस्ट्रेलिया के पर्थ शहर में सड़क हादसे में मौत हो गई। कोमलप्रीत वहां नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थीं और साथ ही पार्ट-टाइम नौकरी भी करती थीं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
काम से लौटते समय तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात कोमलप्रीत कौर अपनी नाइट ड्यूटी खत्म कर पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान पर्थ के कैनिंगवेल इलाके में तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
बताया जा रहा है कि रात करीब 11:30 बजे जॉन स्ट्रीट के पास अल्बानी हाईवे स्थित बेंटले प्लाजा कार पार्किंग में एक नीली हुंडई i30 हैचबैक ने उन्हें टक्कर मारी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से कोमलप्रीत को रॉयल पर्थ अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
रिटायर्ड सूबेदार की बेटी थीं कोमलप्रीत
मृतक छात्रा लुधियाना के रायकोट-हलवारा इलाके के गांव कलसियां की रहने वाली थीं। उनके पिता अमरीक सिंह भारतीय सेना से रिटायर्ड सूबेदार हैं। बेटी की अचानक मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पूरे गांव में मातम का माहौल है।