चंडीगढ़ के सेक्टर-38 वेस्ट स्थित एक पेट्रोल पंप पर शुक्रवार रात करीब 10 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब पेट्रोल भरवाने को लेकर दो बाइक सवार युवकों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि सुरक्षा गार्ड ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हवा में फायर कर दिया।
सिक्योरिटी गार्ड के मुताबिक, पेट्रोल पंप तय समय पर बंद हो चुका था। इसके बावजूद दोनों युवक जबरन पंप खुलवाकर पेट्रोल भरने की मांग करने लगे। गार्ड ने उन्हें समझाया कि अब पेट्रोल सुबह ही मिलेगा, लेकिन दोनों कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगे और दबाव बनाने लगे।
सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू
विवाद बढ़ने पर गार्ड ने चेतावनी देने के लिए अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हवा में एक फायर कर दिया। गोली चलने के बाद दोनों युवक मौके से बाइक लेकर फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही मलोया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें एक की पहचान सचिन के रूप में हुई है, जबकि दूसरे आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।