पंजाब के लुधियाना में एक मस्जिद परिसर के बाहर स्थित दुकान को कथित तौर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का मामला सामने आया है। इस घटना में दुकान में रखी धार्मिक पुस्तकें और मस्जिद में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान जलकर राख हो गया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें तीन युवक एक बाइक पर आते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह दुकान केंद्रीय सुन्नी नूरी जामा मस्जिद, गली नंबर-4, संतोख नगर, न्यू शिवपुरी की ओर से किराए पर दी गई थी। दुकान चलाने वाले और मस्जिद के सेवादार अब्दुल रज्जाक ने बताया कि वह यहां मुस्लिम धर्म से जुड़ी किताबें और धार्मिक उपयोग का सामान बेचते थे।
उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 4 जुलाई 2026 की रात गली में शोर सुनकर जब वह बाहर निकले तो उनकी दुकान में आग लगी हुई थी। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। आग में धार्मिक पुस्तकें पूरी तरह नष्ट हो गईं, जिससे आर्थिक नुकसान के साथ-साथ धार्मिक भावनाएं भी आहत हुई हैं।
सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध युवक एक बाइक पर आते दिखाई देते हैं। फुटेज के अनुसार, एक युवक बाइक से उतरकर दुकान के बाहर ज्वलनशील पदार्थ छिड़कता है और फिर आग लगाकर तीनों मौके से फरार हो जाते हैं।
थाना दरेसी पुलिस ने अब्दुल रज्जाक की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।