ख़बरिस्तान नेटवर्क : पटियाला में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोप है कि मौत से पहले उसने एक वीडियो बनाकर अपने भाई को भेजा था। वीडियो मिलने के बाद परिजनों ने तत्काल उसके ससुराल में संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। बाद में एक रिश्तेदार को घर भेजा गया, जहां महिला फंदे से लटकी हुई मिली। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए राजिंद्रा अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
वीडियो मिलने के बाद परिजनों ने किया संपर्क
मृतका की पहचान रानी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वीडियो मिलने के बाद उसके भाई और मां ने कई बार ससुराल वालों को फोन किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद एक रिश्तेदार को मौके पर भेजा गया, जिसने महिला को फंदे से लटका देखा। सूचना मिलने पर लुधियाना से मायके पक्ष के लोग पटियाला पहुंचे, लेकिन तब तक ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर जा चुके थे।
परिवार ने लगाए प्रताड़ना और हत्या के आरोप
मृतका के भाई का आरोप है कि उसकी बहन को उसका पति लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था और अक्सर उसे घर छोड़ने की बात कहता था। उनका कहना है कि इसी मानसिक तनाव के कारण उसने यह कदम उठाया। हालांकि परिवार ने यह भी आशंका जताई है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, क्योंकि अभी यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है कि यह आत्महत्या का मामला है या फिर महिला की हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया।
पति गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
घटना के बाद मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार कराने से इनकार कर दिया। परिजनों के विरोध और दबाव के बाद पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि परिवार का कहना है कि केवल पति की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है। वे सास, ससुर, ननद और अन्य संबंधित लोगों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।