चंडीगढ़ में पंजाब BJP मुख्यालय पर हुए हमले के बाद पुलिस ने बड़ी कारवाई की है। इस मामले में पंजाब पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू का रहने वाला है, जबकि बाकी चार पंजाब से हैं। सभी आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर हैं और जल्द ही उन्हें चंडीगढ़ पुलिस के हवाले किया जाएगा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलविंदर लाल उर्फ शामी, जसवीर सिंह, चरनजीत सिंह उर्फ चन्नी, रूबल चौहान और मनदीप उर्फ अभिजोत के रूप में हुई है। इनके खिलाफ मोहाली में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) में एफआईआर दर्ज की गई है।
पंजाब के DGP गौरव यादव के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़ा हो सकता है। आरोपियों को पुर्तगाल और जर्मनी में बैठे हैंडलर्स से निर्देश मिल रहे थे।
30 बोर की पिस्टल और 15 जिंदा कारतूस बरामद
जांच में यह भी पता चला है कि आरोपियों ने हैंड ग्रेनेड, हथियार और जिंदा कारतूसों की खेप को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने में भूमिका निभाई। पुलिस ने इनके पास से एक हैंड ग्रेनेड, .30 बोर की पिस्टल और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
यह हमला सेक्टर-37 स्थित BJP कार्यालय के बाहर शाम के समय हुआ था। इस हमले में किसी की जान नहीं गई, लेकिन कुछ गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
मामले की जांच Punjab Police, Chandigarh Police, NIA और अन्य एजेंसियां मिलकर कर रही हैं। फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी जारी है।