पंजाब और चंडीगढ़ में 6 अप्रैल से मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग ने आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 7 और 8 अप्रैल के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज आंधी, बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
पिछले 24 घंटों में तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस फरीदकोट में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्य के 20 जिलों में मौसम खराब रह सकता है। इनमें 14 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है, जिनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर और पटियाला शामिल हैं।
वहीं फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में तेज आंधी-तूफान और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम में इस बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ है, जो फिलहाल पाकिस्तान और पंजाब के आसपास सक्रिय है। इसके प्रभाव से प्रदेश में मौसम अस्थिर बना हुआ है। वहीं 7 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे बारिश और आंधी का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक, 6 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ गरज-चमक हो सकती है, जबकि 7 और 8 अप्रैल को कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है, जिसके बाद फिर इतनी ही गिरावट दर्ज होने के आसार हैं।