पंजाब और चंडीगढ़ में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब जालंधर के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। शहर के डीपीएस स्कूल, मेयर वर्ल्ड स्कूल और एक अन्य डीपीएस स्कूल को ईमेल के जरिए यह धमकी भेजी गई थी। वही चंडीगढ़ के भी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जानकारी के अनुसार, सेक्टर-41, सेक्टर-32, सेक्टर-47 और सेक्टर-45 स्थित स्कूलों को यह धमकी भरा ईमेल मिला है।
कोर्ट कांप्लेक्स को खाली करवाया
वही इसी बीच फिरोजपुर के कोर्ट कांप्लेक्स को भी बम से उड़ाने की धमकी आई है। इसके बाद कोर्ट कांप्लेक्स को खाली करवा दिया है।
पुलिस और साइबर सेल जांच में जुटी
धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रशासन तुरंत हरकत में आया और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीमों ने बम स्क्वॉयड और डॉग स्क्वॉयड के साथ स्कूल परिसरों की गहन जांच शुरू कर दी। एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल को भी जांच में शामिल किया गया है। शुरुआती जांच में पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और हर पहलू पर नजर रखी जा रही है।
इस घटना के बाद अभिभावकों में चिंता का माहौल है, क्योंकि हाल के दिनों में इस तरह की धमकियों की घटनाएं बढ़ी हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।