सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही “कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)” को लेकर इसके फाउंडर अभिजीत दीपके के माता-पिता ने चिंता जताई है। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में रहने वाले उनके माता-पिता भगवान और अनीता दीपके ने कहा कि उन्हें डर है कि उनका बेटा किसी कानूनी या राजनीतिक मुश्किल में फंस सकता है।
एक मराठी न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि वे कभी नहीं चाहते थे कि अभिजीत राजनीति में जाए। बेटे की बढ़ती लोकप्रियता और विवादों को लेकर उनकी नींद उड़ गई है। पिता भगवान ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक माहौल को देखते हुए डर लगना स्वाभाविक है, चाहे फॉलोअर्स कितने भी हों।
मां अनीता दीपके ने भी कहा कि वे चाहती हैं कि उनका बेटा राजनीति से दूर रहे और किसी नौकरी या स्थिर करियर पर ध्यान दे।
गौरतलब है कि CJI सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम का प्लेटफॉर्म बनाया गया था, जिसने कुछ ही समय में भारी ऑनलाइन लोकप्रियता हासिल कर ली। इंस्टाग्राम और X (ट्विटर) पर इसके फॉलोअर्स तेजी से बढ़े हैं।
इसी बीच पार्टी के X अकाउंट के ब्लॉक होने और नए अकाउंट बनने को लेकर भी विवाद बना हुआ है, जबकि फाउंडर ने अकाउंट हैकिंग का आरोप लगाया है।पार्टी खुद को उन युवाओं की आवाज बताती है जिन्हें व्यवस्था में अनदेखा किया गया है और इसके कई घोषणापत्र व मांगें भी सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं।