ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है। हालांकि शुक्रवार सुबह कुछ इलाकों में बारिश होने से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला, लेकिन इसके बावजूद राज्य में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डॉक्टरों ने खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी से हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ गया है।
CM भगवंत मान ने बदली टाइमिंग
भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य में सरकारी दफ्तरों और स्कूलों के समय में बदलाव का ऐलान किया है। सीएम मान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए जानकारी दी कि 25 मई, सोमवार से सभी सरकारी दफ्तरों और स्कूलों की टाइमिंग सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक रहेगी।
लोगों को राहत देने की कोशिश
सरकार का मानना है कि समय में बदलाव से लोगों, खासकर स्कूली बच्चों और कर्मचारियों को तेज गर्मी से राहत मिलेगी। प्रशासन की ओर से लोगों को पर्याप्त पानी पीने और जरूरी होने पर ही धूप में निकलने की सलाह दी गई है।