Air India की दिल्ली से बेंगलुरु जा रही फ्लाइट AI2651 गुरुवार को Kempegowda International Airport पर लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार होते-होते बच गई। विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया, जिसे एविएशन भाषा में ‘टेल स्ट्राइक’ कहा जाता है। हालांकि, पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए फ्लाइट को सुरक्षित उतार लिया और सभी 181 यात्री सुरक्षित हैं।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर विमान की तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें उसके पिछले हिस्से पर स्क्रैच दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इन तस्वीरों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, फ्लाइट की लैंडिंग से ठीक पहले रनवे से एक बोइंग 747 विमान ने उड़ान भरी थी। उसके इंजनों से पैदा हुई तेज वेक टर्बुलेंस के कारण एअर इंडिया फ्लाइट का संतुलन बिगड़ गया। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने ‘गो-अराउंड’ का फैसला लिया, यानी लैंडिंग रोककर विमान को दोबारा हवा में ले गया। इसी दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया।
घटना के बाद विमान को जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है। एयरलाइन और एयरपोर्ट अधिकारियों ने सुरक्षा जांच शुरू कर दी है। मामले की जानकारी Directorate General of Civil Aviation (DGCA) को भी दे दी गई है।वहीं, बेंगलुरु से दिल्ली जाने वाली वापसी फ्लाइट AI2652 रद्द कर दी गई है। एयरलाइन ने प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की बात कही है।