चंडीगढ़ और पंजाब में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार दोपहर पूरे पंजाब और चंडीगढ़ के लिए “सीवियर हीटवेव” यानी भीषण लू का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान और अधिक बढ़ सकता है, जिससे हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गर्मी से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
तेज गर्मी को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। प्रशासन के अनुसार शहर के सभी स्कूलों में 23 मई से 30 जून 2026 तक छुट्टियां रहेंगी। हालांकि 29 और 30 जून को शिक्षकों को स्कूल आना होगा। साथ ही स्कूलों को बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और किसी भी तरह की आउटडोर गतिविधियों से बचने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों की सेहत पर गंभीर असर डाल सकती हैं। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार लगातार बढ़ते तापमान के कारण शरीर में पानी की कमी तेजी से हो सकती है, जिससे चक्कर आना, कमजोरी, उल्टी और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं हो सकती हैं।