ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में रेलवे कॉलोनी स्थित अकाउंट ऑफिस के बाहर देर रात एक सड़क हादसा सामने आया, जहां एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद मौके पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब कार चालक ने खुद को पूर्व डीएसपी बताते हुए लोगों पर रौब जमाना शुरू कर दिया।
नशे में धुत था कार चालक
चश्मदीदों के मुताबिक चालक नशे की हालत में था और ठीक से बात भी नहीं कर पा रहा था। ऑटो चालक ने पूरे घटनाक्रम की वीडियो बना ली। वीडियो में साफ देखा गया कि आरोपी ठीक से बोलने की स्थिति में नहीं था। इसके बाद आरोपी ने अपने बेटे को मौके पर बुलाया, जिसने पहुंचकर लोगों को शांत करवाया।
बारिश के बीच हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि हादसे के समय भाजपा जिला महामंत्री अमरजीत गोल्डी अपने स्टाफ के एक सदस्य को तेज बारिश के चलते घर छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान गलत दिशा से आ रही सफेद आल्टो कार ने थ्री-व्हीलर को टक्कर मार दी। मामले की सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस की टीम थाना बारादरी से मौके पर पहुंची और आरोपी को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस के अनुसार रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।