ख़बरिस्तान नेटवर्क : कनाडा में रहने वाली पंजाबी लड़की सप्रीत कौर सिद्धू ने कनाडा पुलिस के खिलाफ करोड़ों रुपए के हर्जाने का केस दायर किया है। सप्रीत ने आरोप लगाया है कि उसके माता-पिता की हत्या पुलिस की कथित लापरवाही के कारण हुई। जिस कारण पुलिस को उसे 558 करोड़ रुपए का हर्जाना देना चाहिए।
पंजाब से माता-पिता मिलने आए थे
31 वर्षीय सप्रीत कौर सिद्धू के मुताबिक उसके माता-पिता हरभजन सिद्धू और जगतार सिंह सिद्धू करीब तीन साल पहले अमृतसर से कनाडा के ओंटारियो में उससे और उसके भाई गुरदित्त सिद्धू से मिलने आए थे। 20 नवंबर 2023 को जिस घर में उनका परिवार ठहरा हुआ था, वहां कुछ हमलावर घुस आए और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में उसके माता-पिता की मौत हो गई।
पुलिस ने नहीं दी थी खतरे की जानकारी
उन्होंने आगे बताया कि कनाडा पुलिस ने परिवार को किसी संभावित खतरे के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं दी थी। इतना ही नहीं, जिस घर में वे रुके थे, उसे सुरक्षित बताते हुए वहां रहने की अनुमति दी गई थी। हमलावर किसी “बॉबी” नाम के व्यक्ति की तलाश में आए थे, लेकिन उन्होंने उसके माता-पिता को गोली मार दी।
युवती को लगीं 13 गोलियां, महीनों चला इलाज
सप्रीत ने बताया कि इस घटना में वह भी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। हमलावरों ने उसे 13 गोलियां मारी थीं। गोलियां उसके कंधे, पेट, गले और पैरों में लगीं, जिसके बाद उसका 18 घंटे लंबा ऑपरेशन करना पड़ा। लंबे समय तक वह बोल भी नहीं पा रही थी।उसकी रीढ़ की हड्डी के पास अब भी एक गोली फंसी हुई है और नसों को नुकसान पहुंचने के कारण उसे चलने-फिरने और काम करने में परेशानी हो रही है।
20 मई को कोर्ट में दायर किया केस
सप्रीत कौर सिद्धू ने 20 मई 2026 को अपने वकील फ्रेडरिक शूमान के जरिए कनाडा पुलिस के खिलाफ अदालत में केस दायर किया है।वहीं पुलिस का कहना है कि यह घटना गलती से हुई थी और उन्हें पहले से किसी खतरे की जानकारी नहीं थी। मामले को लेकर अब कानूनी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।