अमृतसर के कोट खालसा इलाके में देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नितिन उर्फ चीकू के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद एक्टिवा सवार दो अज्ञात हमलावर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, नितिन अपनी मोटरसाइकिल पर बहन के घर जा रहा था। घर से कुछ दूरी पहले उसका पीछा कर रहे दो युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। सिर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। उसे तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों में से एक की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक नितिन पहले जेल में रह चुका था और कुछ समय पहले ही जमानत पर बाहर आया था। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।