जालंधर में फैंसी व्हीकल नंबरों का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है। रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस (RTO) की ऑनलाइन ई-ऑक्शन में PB 08 GA सीरीज का 0001 नंबर 8 लाख 52 हजार 500 रुपये की सबसे ऊंची बोली में बिका। खास बात यह है कि यह नंबर किसी लग्जरी कार के लिए नहीं, बल्कि एक एक्टिवा स्कूटर के लिए खरीदा गया है।
मौजूदा समय में एक्टिवा की ऑन-रोड कीमत करीब 1.10 लाख रुपये है, जबकि उसके नंबर पर ही 8.52 लाख रुपये खर्च किए गए। इसी ऑक्शन में 0007 नंबर 3.11 लाख रुपये, 0005 नंबर 2.83 लाख रुपये, 0008 नंबर 2.50 लाख रुपये और 0002, 0003, 0006 व 0009 नंबर 2-2 लाख रुपये में बिके।
RTO के अनुसार, फैंसी नंबरों की ई-ऑक्शन हर सप्ताह आयोजित की जाती है। शनिवार से सोमवार तक आवेदन लिए जाते हैं, जबकि मंगलवार और बुधवार को ऑनलाइन बोली लगाई जाती है। 0001 से 0010 तक के नंबरों का रिजर्व प्राइस 5 लाख रुपये है। सबसे अधिक बोली लगाने वाले को संबंधित नंबर आवंटित किया जाता है।