सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे नए ट्रेंड्स अब साइबर अपराधियों के लिए ठगी का नया हथियार बनते जा रहे हैं। इन दिनों इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का नाम लेकर साइबर ठग लोगों को निशाना बना रहे हैं। खासकर युवाओं की उत्सुकता का फायदा उठाकर उन्हें फिशिंग लिंक भेजे जा रहे हैं।
इस बढ़ते खतरे को देखते हुए लुधियाना पुलिस ने लोगों को सतर्क करने के लिए अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर 42 सेकेंड का एक जागरूकता वीडियो जारी किया है। वीडियो में पुलिस अधिकारी अमरिंदर सिंह ने बताया कि कैसे एक छोटी सी लापरवाही लोगों की मेहनत की कमाई साफ कर सकती है।
पुलिस के अनुसार साइबर ठग वॉट्सऐप पर ऐसे मैसेज भेज रहे हैं जिनमें लिखा होता है “देश की पुकार, सिस्टम बदलने का समय आ गया है” और “युवाओं के लिए बड़ी अपॉर्चुनिटी”। इसके साथ लोगों से ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ जॉइन करने की अपील की जाती है और नीचे एक संदिग्ध लिंक दिया जाता है।
जैसे ही कोई व्यक्ति उत्सुकता या भावनाओं में आकर उस लिंक पर क्लिक करता है, उसका मोबाइल फोन हैक हो जाता है। पुलिस ने बताया कि यह एक फिशिंग लिंक है, जिसके जरिए ठग मोबाइल में मौजूद बैंकिंग डिटेल्स, पासवर्ड और निजी जानकारी तक पहुंच बना लेते हैं। इसके बाद साइबर अपराधी खाते से पैसे ट्रांसफर करने के साथ-साथ पीड़ित के नाम पर लोन तक ले सकते हैं।
लुधियाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे किसी भी ट्रेंड या भावनात्मक संदेश के झांसे में न आएं और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें।
अगर किसी के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है, ताकि समय रहते बैंक खाते से निकली रकम को होल्ड करवाया जा सके।