पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री Arvind Kejriwal शनिवार को अचानक गुरुग्राम पहुंचे। दोनों नेता सीधे भोंडसी जेल पहुंचे, जहां उन्होंने मनी लॉन्ड्रिंग और फर्जी GST घोटाले के मामले में बंद पूर्व मंत्री Sanjeev Arora से मुलाकात की। जेल प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद करीब 20 मिनट तक अलग कमरे में बातचीत हुई।
गौरतलब है कि संजीव अरोड़ा को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 9 मई को ₹100 करोड़ से अधिक के कथित फर्जी GST घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद ED ने पहले 7 दिन की रिमांड ली, फिर 2 दिन की अतिरिक्त पूछताछ के बाद अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
इस हाई-प्रोफाइल मुलाकात को लेकर पंजाब और हरियाणा पुलिस भी अलर्ट मोड पर रही। जेल परिसर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी।संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद से आम आदमी पार्टी लगातार उनके समर्थन में नजर आ रही है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं पर दबाव बनाने के लिए कर रही है। ऐसे में भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल की जेल मुलाकात को राजनीतिक समर्थन के बड़े संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
संजीव अरोड़ा पंजाब की राजनीति और कारोबारी जगत का बड़ा चेहरा माने जाते हैं। आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद उन्हें राज्यसभा भेजा गया था और संगठन में भी उनकी मजबूत पकड़ रही है। उनकी गिरफ्तारी के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि निकाय चुनावों और आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों से पहले यह मुलाकात पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को स्पष्ट संदेश देने की रणनीति का हिस्सा हो सकती है।